हथियारबंद बदमाशों ने मारपीट कर किया लूटपाट, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक अभिरक्षा में

खोदावंदपुर,बेगूसराय। चार पांच की संख्या में पहुंचे बदमाश युवकों ने दवा दुकानदार को पिस्तौल का भय दिखाकर उसके साथ मारपीट कर लूटपाट भी किया. यह घटना मेघौल पंचायत के बिदुलिया गांव में बीती रात्रि में घटी. मारपीट में जख्मी हुए युवक बिदुलिया गांव निवासी स्व. कैलू शर्मा के पुत्र वशिष्ठ शर्मा के बयान पर इस मामले में खोदावंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया है.स्थानीय पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. पुलिस को दिये आवेदन में पीड़ित युवक ने बताया है कि विगत दस मार्च की रात्रि करीब साढ़े 8 बजे बाइक से बिदुलिया गांव के लक्ष्मी सहनी के पुत्र पांडव सहनी, नाथो सहनी के पुत्र धर्मेंद्र सहनी, राम सहनी के पुत्र बिरजू सहनी, रामोतार सहनी के पुत्र रंजन सहनी, बिलैती सहनी के पुत्र मिथुन सहनी, दिलीप सहनी के पुत्र इंद्रदेव सहनी हथियार लेकर बाइक से उसके दरवाजे पर आया. सभी ने गाली गलौज करना शुरू कर दिया, जब उसने गाली देने से मना किया तो पांडव सहनी अपने कमर से पिस्तौल निकालकर कनपटी में सटा दिया. इसी दौरान आरोपी धर्मेंद्र सहनी ने डंडा से मारपीट कर उसे घायल कर दिया. पीड़ित ने पुलिस को बताया है कि आरोपी रंजन सहनी ने उसके गले की सोने की चकती भी छीन लिया. जब उसे बचाने उसका भाई अखिलेश शर्मा आया तो इन आरोपियों ने उसके भाई के साथ भी मारपीट किया तथा आरोपी धर्मेंद्र सहनी ने उसके गल्ला में रखा 3500 रुपया भी ले लिया. पीड़ित युवक ने बताया है कि इन आरोपियों ने उसके दवा दुकान में तोड़ फोड़ भी किया. आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी. पुलिस ने आरोपी पांडव सहनी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है.
वहीं दूसरी ओर मेघौल पंचायत के बिदुलिया गांव निवासी नेवालाल सहनी के पुत्र रामवरण सहनी ने अपनी पुत्री आजुल कुमारी के साथ जान मारने की नियत से गाली-गलौज व मारपीट करने एवं गले से चकती छीन लेने का आरोप पड़ोसी मिथुन सहनी, पांडव कुमार व श्रवण कुमार पर लगाया है. परिजनों ने जख्मी युवती को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खोदावन्दपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देख उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया. पुलिस ने इस मामले में भी प्राथमिकी थाना कांड संख्या- 25/026 दर्ज कर जांच पड़ताल करने में जुट गयी है.