होली मिलन समारोह में एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर दी गई शुभकामनाएं

खोदावंदपुर,बेगूसराय। होली को लेकर सोमवार को प्रखंड क्षेत्र में कई जगहों पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर बसंतोत्सव होली की शुभकामनाएं दी. चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र के डी बी पब्लिक स्कूल खोदावन्दपुर में आयोजित होली मिलन समारोह में स्थानीय विधायक अभिषेक आनंद, पूर्व मंत्री कुमारी मंजू वर्मा ने लोगों के साथ होली का उमंग साझा किया एवं लोगों को होली की शुभकामना दी. वहीं खोदावंदपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा, सीओ प्रीति कुमारी, बीपीआरओ संदीप कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता राम गुलजार महतो, जयदेव कुमार सिन्टु आदि ने प्रखंड सह अंचल कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ रंग गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी. वहीं दौलतपुर में सामाजिक कार्यकर्ता पिन्टू कुमार शर्मा के सौजन्य से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर होली के गीतों से लोग झूम उठे. लोगों ने इस कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया.