खोदावंदपुर/बेगूसराय। दुर्गा मेला देखने जा रहे एक किशोर की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. यह घटना बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच 55 पर बाड़ा गांव के समीप शुक्रवार की रात घटी. घटना की सूचना मिलते ही दर्जनों लोगों की भीड़ गयी और इसकी सूचना खोदावन्दपुर पुलिस को दिया. सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की गहन जांच पड़ताल करने में जुट गये और दुर्घटनाकारित ट्रक को खदेड़कर धर दबोच लिया. मृतक युवक की पहचान बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड सात स्थित मेही सहनी टोल निवासी लालो सहनी के 15 वर्षीय पुत्र अमर कुमार एवं इसी गांव के जख्मी युवक सुधीर सहनी के पुत्र करण कुमार के रुप में किया गया. तथा इसी घटना में एक अन्य युवक बाल बाल बच गये. घटना के संदर्भ में मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने अपने घर से बाड़ा पेठिया दुर्गा मेला एवं विदेशिया नाच देखने की बात कहकर निकला था, तभी घटनास्थल के निकट एक बेलगाम ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि एक युवक जख्मी हो गया. परिजनों ने शुक्रवार की रात मृतक युवक के शव को अपने साथ घर लेकर चला गया. शनिवार की सुबह अपर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, एस आई अख्तर हुसैन पुलिस बल के साथ मृतक युवक के घर पहुंचकर उसके शव को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया, परंतु मृतक के घर पर मौजूद आक्रोशित लोगों ने शव को उठाने नहीं दिया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतक युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया. सड़क हादसे में अमर की मौत हो जाने से उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. मृतक की माता इन्दू देवी, भाई अमन कुमार एवं बहन ममता कुमारी और विभा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था. मृतक अमर किसान पल्स टू विद्यालय तारा बरियारपुर के नवम् वर्ग का छात्र था. बताते चलें कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया के दौरान पुलिस को मृतक के परिजनों और ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिये जाने की मांग पर अड़े थे. पुलिस के काफी समझाने बुझाने के बाद लोगों का आक्रोश कम हुआ, तब जाकर पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया. इस घटना से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
वहीं दूसरी ओर सड़क दुर्घटना में अमर की दर्दनाक मौत हो जाने की सूचना पर ग्राम कचहरी बरियारपुर पश्चिमी के सरपंच नवीन प्रसाद यादव, समाजसेवी राम गुलजार महतो, मोहन महतो, कैलाश यादव, अशोक महतो, अरविन्द सहनी, राजीव सहनी, महेन्द्र सहनी, विनोद सहनी, पवन सहनी सहित अन्य ने अपनी शोक संवेदना जतायी है.