आगामी 18 मार्च को राजभवन मार्च को लेकर की गयी बैठक


खोदावंदपुर,बेगूसराय। समता आंदोलन के मद्देनजर आगामी 18 मार्च को राजभवन मार्च एवं गांधी मैदान में जुटान कार्यक्रम को लेकर एक बैठक आयोजित की गयी. सोमवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत समिति भवन में हुई इस बैठक में आगामी 18 मार्च को पटना के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले समता महाजुटान और राजभवन मार्च को सफल बनाने का संकल्प लिया गया. बैठक की अध्यक्षता उप प्रमुख नरेश पासवान ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन राजद प्रखंड अध्यक्ष जियाउर रहमान उर्फ सैफी ने किया. बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला. वक्ताओं ने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार सामाजिक न्याय, शिक्षा और रोजगार के सवालों पर पूरी तरह विफल रही है. दलित, पिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों को कमजोर करने की लगातार कोशिश की जा रही है. वक्ताओं ने मांग की कि उच्च शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए यूजीसी गाइडलाइन को लागू किया जाए और बिहार में 65 प्रतिशत आरक्षण को प्रभावी रूप से लागू किया जाये.
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा और सामाजिक न्याय के सवाल पर अब नौजवान और वंचित समाज चुप नहीं बैठने वाला है. केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पूरे बिहार से हजारों लोग 18 मार्च को पटना पहुंचकर समता महाजुटान और राजभवन मार्च में भाग लेंगे और अपनी आवाज बुलंद करेंगे. बैठक को माले नेता अवधेश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता विजय पासवान एवं विकास कुमार ने भी संबोधित किया. उन्होंने नौजवानों, छात्रों और सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले लोगों से बड़ी संख्या में पटना पहुंचने की अपील की. मौके पर आइसा जिला सचिव असीम आनंद, सोनू फर्नाज, आशुतोष कुमार, पिंटू राम, रामनंदन दास, विजय सिंह कुशवाहा, संतोष कुमार, चंद्रशेखर चौधरी सहित अनेक लोग मौजूद थे.