खोदावंदपुर,बेगूसराय। केन्द्र व राज्य की सरकार गरीब और मजदूर विरोधी है. पूरे बिहार में वर्षों से वैध एवं सरकारी भूमि पर बसे हुए गरीब, भूमिहीन, मजदूर, किसान, अल्पसंख्यक एवं कमजोर वर्ग के लोगों पर बुलडोजर चला रही है. बिहार सरकार के इस बुलडोजर संस्कृति का भाकपा माले जोरदार विरोध करती है और सरकार को सावधान करती है. अविलंब बुलडोजर संस्कृति पर रोक नहीं लगाया गया तो बुलडोजर संस्कृति के खिलाफ भाकपा माले पूरे प्रदेश में जबरदस्त आंदोलन चलायेगी. यह बातें अखिल भारतीय खेत ग्रामीण मजदूर सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह दरौली विधानसभा के पूर्व विधायक सत्यदेव राम ने रविवार को खोदावन्दपुर में प्रेसवार्ता के दौरान कहीं. उन्होंने कहा कि सैंकड़ों वर्षों से सरकारी भूमि पर बसे लोगों को हटाने के पूर्व सरकार अपने फैसले पी पी एच ऐक्ट कानून 1948 के अनुसार 5 डिसमिल जमीन देकर उसे नोटिस देने उपरांत हटाने का काम करे तो ठीक है,लेकिन ऐसा न कर जोड़ जबरदस्ती बुलडोजर चलाकर बेगूसराय, समस्तीपुर, मंगलगढ़ सहित पूरे बिहार में सरकार द्वारा चलाए जा रहे बुलडोजर संस्कृति के खिलाफ खेत मजदूर सभा के केंद्रीय टीम जगह-जगह भ्रमण कर समस्या को संकलित कर रहे हैं. पीड़ितों से बातचीत कर रहे हैं और उनका दुख दर्द बांट रहे हैं. संकलित समस्याओं का ब्यौरा माननीय मुख्यमंत्री को देने का निर्णय लिये हैं. सरकार स्तर पर यदि समस्या का निदान नहीं हुआ तो भाकपा माले गांधी मैदान में एक विशाल सभा आयोजित कर बुलडोजर संस्कृति के खिलाफ व्यापक आंदोलन का शंखनाद करेगी. प्रेसवार्ता में अगिआंव विधानसभा के पूर्व विधायक सह खेग्रामस के राज्य अध्यक्ष मनोज मंजिल, खेग्रामस के राज्य सचिव शत्रुघ्न सहनी, भाकपा माले के जिला सचिव सह राज्य स्थाई समिति सदस्य दिवाकर प्रसाद, समस्तीपुर भाकपा माले के जिला सचिव प्रो उमेश सिंह, खेग्रामस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जीवछ पासवान, माले नेता अवधेश कुमार, प्रखंड राजद अध्यक्ष जियाउर रहमान उर्फ सैफी, राजद नेता विजय सिंह कुशवाहा, सीपीआई के अरुण कुमार, समाजसेवी प्रो नरेश कुमार, कौशल कुमार, छात्र नेता असीम आनंद, सोनू फरनाज, संजय ठाकुर, विनय कुमार, सचिन कुमार, एहतेशाम आजाद, संतोष कुशवाहा, रामनिवास कुमार, अभिषेक आनंद सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे. वहीं दूसरी ओर प्रेसवार्ता से पूर्व खोदावन्दपुर पहुंचने पर माले नेता अवधेश कुमार के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं एवं लाल पट्टी भेंटकर आगत अतिथियों का जोरदार स्वागत किया.