राजेश कुमार,खोदावन्दपुर/बेगूसराय। छौड़ाही बाजार स्थित हाट मैदान में ग्लोबल साइंस एण्ड आर्ट्स कोचिंग सेंटर द्वारा वार्षिक मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने जा रहे छात्र-छात्राओं के लिए भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में विद्यार्थियों के उत्साह, अभिभावकों की उपस्थिति और अतिथियों के प्रेरक संबोधन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया. कार्यक्रम का उद्घाटन चेरिया बरियारपुर विधायक अभिषेक आनंद, प्रखंड जदयू अध्यक्ष रामनरेश आजाद, चेरिया बरियारपुर के पूर्व प्रमुख राजीव कुमार, सीपीएम नेता राम बहादुर महतो सुमन, शिक्षक ब्रह्मदेव राम तथा संस्थान के निदेशक पुट्टुश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. अपने संबोधन में स्थानीय विधायक अभिषेक आनंद ने कहा कि शिक्षित समाज से ही किसी क्षेत्र का वास्तविक और सर्वांगीण विकास संभव है. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है. इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं. विधायक ने कहा कि राज्य में बनाये जा रहे नये डिग्री कॉलेज में छौड़ाही एवं खोदावंदपुर प्रखंड में प्रथम चरण में ही डिग्री कॉलेज की स्थापना हो, इसके लिए उन्होंने राज्य के शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर औपचारिक पहल की है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर पलायन करना पड़ता है, जिससे आर्थिक और सामाजिक दोनों तरह की कठिनाइयाँ सामने आती हैं. यदि स्थानीय स्तर पर डिग्री कॉलेज स्थापित हो जाता है तो इससे ना केवल छात्रों को लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के शैक्षणिक वातावरण में भी सकारात्मक बदलाव आएगा. विधायक ने आगे बताया कि फफौत पंचायत में उपकारा (जेल) निर्माण के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री से मिलकर अनुरोध किया है. इससे क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे. साथ ही उन्होंने भविष्य में चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से बातचीत कर हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया. राज्य के बजट का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि इस वर्ष प्रस्तुत बजट में शिक्षा पर विशेष बल दिया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कुल बजट का बड़ा हिस्सा शिक्षा एवं उच्च शिक्षा पर खर्च किया जा रहा है. लगभग 20 प्रतिशत राशि शिक्षा मद में व्यय की जा रही है तथा उच्च शिक्षा के लिए भी बड़ी धनराशि निर्धारित की गई है. उनका कहना था कि केवल सौ दिनों में रोजगार उपलब्ध कराना संभव नहीं, बल्कि स्थायी समाधान शिक्षा के माध्यम से ही निकल सकता है. जब युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल मिलेगा, तभी वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे. समारोह के दौरान मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया. विधायक ने सभी विद्यार्थियों को परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा से अध्ययन करें और अपने माता-पिता एवं क्षेत्र का नाम रोशन करें. कार्यक्रम को पत्रकार हेमकांत सिंह, जीवछ यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया. वक्ताओं ने छात्रों को जीवन में सकारात्मक सोच रखने, समय प्रबंधन का महत्व समझने तथा शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह दी. समारोह की अध्यक्षता उच्च विद्यालय छौड़ाही के शिक्षक संदीप कुमार ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन संस्थान के शिक्षक मुकेश कुमार ने किया. अतिथियों का स्वागत संस्थान के निदेशक एवं शिक्षकों ने संयुक्त रूप से पुष्पमाला और अंगवस्त्र देकर किया. कार्यक्रम में चेरिया बरियारपुर के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रमेश कुमार राणा, गढ़पुरा भाजपा के मंडल अध्यक्ष कमल किशोर झा, नावकोठी के मुकेश कुमार, जदयू नेता सचिन कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे.