खोदावंदपुर,बेगूसराय। जाति सूचक गाली देने एवं मारपीट कर युवक को जख्मी कर देने का मामला सामने आया है. यह घटना मेघौल गांव में बुधवार की दोपहर घटी. मारपीट में जख्मी हुए युवक की पहचान खोदावंदपुर पंचायत के वार्ड 5 निवासी शंभू पासवान के 19 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में की गयी. जख्मी युवक का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावन्दपुर में करवाया गया है. जख्मी युवक ने घटना की सूचना खोदावंदपुर पुलिस को दिया है, जिसमें बताया गया है कि वह अपने भाई को मैट्रिक की परीक्षा दिलवाने गया था. वहां से लौटने के दौरान रास्ते में मेघौल हाईस्कूल चौक के समीप मेघौल गांव निवासी दीपक सिंह के पुत्र पियूष कुमार ने जाति सूचक गाली दिया, जब उसने गाली देने से मना किया तो पियूष ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर मारपीट कर नीरज को जख्मी कर दिया. पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी है.