खोदावंदपुर,बेगूसराय। पैदल रोसड़ा जा रही महिला का पर्स छीनने का विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से प्रहार कर महिला को जख्मी कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही खोदावंदपुर पुलिस के 112 नंबर की गश्ती गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और थाना के जमादार मदन कुमार ने जख्मी महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावन्दपुर में भर्ती करवाया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनिल प्रसाद ने प्राथमिक उपचार के बाद इस महिला को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया गया. यह घटना गुरुवार की दोपहर विभूतिपुर, रोसड़ा व खोदावंदपुर थाना के सीमावर्ती क्षेत्र में एक पुल पर घटी. जख्मी महिला की पहचान समस्तीपुर जिला के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के महथी वार्ड 10 निवासी संजय सहनी की 36 वर्षीया पत्नी स्वीटी देवी के रूप में की गयी है. जख्मी महिला ने पुलिस को बताया है कि बदमाशों की संख्या तीन थी, जो बाइक से आए थे. उनमें से एक बदमाश की पहचान रोसड़ा थाना क्षेत्र के घोरैया गांव निवासी राम सागर सहनी के पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में की गयी है. पीड़िता ने बताया कि घटना की लिखित शिकायत रोसड़ा पुलिस को दे दिया हूँ, पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी है.