खोदावंदपुर,बेगूसराय। ममता दीदीयों द्वारा गरीब प्रसूता से राशि वसूले जाने के विरोध में सदस्यों ने रोगी कल्याण समिति की बैठक का बहिष्कार कर दिया. रोगी कल्याण समिति के सदस्यों ने दोषी ममता दीदी के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है. बताते चलें कि मंगलवार को खोदावंदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गयी थी, परंतु इस मौके पर दौलतपुर गांव की प्रसूता व सोनू कुमार की पत्नी ज्योति कुमारी ने बताया कि विगत 7 फरवरी को उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावन्दपुर में प्रसव हुआ था. प्रसव के बाद अस्पताल से जुड़ी ममता दीदीयों ने खर्चा देने के नाम पर 400 रुपया जबरन ले लिया. मौके पर रोगी कल्याण समिति के सदस्यों ने बताया कि यहां चिकित्सकों का अभाव है. नर्स के भरोसे हॉस्पिटल संचालित होता है. इन सदस्यों ने आरोप लगाया कि रोगी कल्याण समिति की बैठक में सदस्यों को कोई महत्व नहीं दिया जाता है.सभी चिकित्सक अपना-अपना निजी क्लिनिक चलाने में व्यस्त हैं, जिसके कारण मरीजों को तुरंत रेफर कर दिया जाता है. इतना ही नहीं इन सदस्यों का आरोप है कि रोगी कल्याण समिति के सदस्यों को गणतंत्र दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी नहीं बुलाया जाता है. इससे पूर्व बैठक की अध्यक्षता बीडीओ सह रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष मिथिलेश बिहारी वर्मा ने की. मौके पर सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनिल प्रसाद समेत सभी सदस्य मौजूद थे.