रफ्तार का कहर, पिकअप एवं टेम्पू की भीषण टक्कर में एक महिला की गयी जान, आठ अन्य यात्री हुए जख्मी *घटना एस एच 55 पर सागी जीरोमाइल चौक के समीप की*

खोदावंदपुर,बेगूसराय। रफ्तार का कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा है. बुधवार को पिकअप भान एवं टेम्पू की सीधी टक्कर में ऑटो सवार एक महिला की इलाज के दौरान जान चली गयी, जबकि अन्य आठ यात्री गंभीर रुप से जख्मी हो गये. यह सड़क हादसा बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच 55 पर सागी जीरोमाइल चौक के समीप घटी. सड़क हादसा की सूचना पाकर घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोगों को इलाज के लिए बगल के रोसड़ा बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती करवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल रोसड़ा पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान कपलेश्वर शर्मा की 65 वर्षीया पत्नी राज कुमारी देवी ने अपना दम तोड़ दिया. मिली जानकारी के अनुसार टेम्पू सवार यात्री सिमरिया धाम से गंगा स्नान कर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी घटनास्थल के निकट एक बेलगाम आलू लदा पिकअप यात्रियों से भड़ी टेम्पू में जोरदार ठोकर मार दिया. जख्मी यात्रियों की पहचान समस्तीपुर जिला के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के काजी डूमरा गांव निवासी ​गंगा प्रसाद मंडल,​ पवन शर्मा, ​बुली देवी,​ राम दुलारी देवी, ​जीवछ भगत,​ बुधनी देवी, कपलेश्वर शर्मा के रूप में की गयी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल यात्रियों की स्थिति काफी चिंताजनक है. किसी का हाथ-पैर टूटा है तो किसी के सिर में गंभीर चोटें आयी है. सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल न्यू एपेक्स हॉस्पिटल रोसड़ा में भर्ती कराया, जहां समाजसेवी व ऑक्सीजन मैन के नाम से चर्चित सिकन्दर आलम के सौजन्य से उपलब्ध कराये गये एंबुलेंस से सभी घायलों को निजी क्लिनिक पहुंचाया गया और निःशुल्क इलाज शुरू किया गया.बाद में इन घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल रोसड़ा पहुंचाया गया. इस घटना की जानकारी मिलते ही अपर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी है.