खोदावंदपुर,बेगूसराय। ग्राम कचहरी को सुदृढ़ बनाने एवं उसके कार्यों में तेजी लाने के लिए रणनीति बनायी गयी. खोदावन्दपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में शनिवार को सरपंचों, पंचायत सचिव व ग्राम कचहरी सचिव की संयुक्त बैठक में बीपीआरओ ने इन लोगों को ग्राम कचहरी के नये अधिकार व उत्तरदायित्व से अवगत कराया. बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी संदीप कुमार ने वंशावली निर्माण में बेटियों के नामों को अंकित करना अनिवार्य बताया. उन्होंने वंशावली निर्माण कार्य को ठंडे बस्ते में नहीं डालने बल्कि धरातल पर जांच पड़ताल कर वंशावली बनाने की बात कही. उन्होंने बिना जांच पड़ताल किए वंशावली नहीं बनाने की चेतावनी भी दी. साथ ही वंशावली बनाने के कार्य का त्वरित निष्पादन करने का भी निर्देश दिया. ग्राम कचहरी सरपंच को जमीन बटवारा करने का अधिकार दिए जाने की जानकारी देते हुए बीपीआरओ ने जमीन बटवारा के लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश सरपंचों को दिया.बैठक में पंचायत सचिव राम नरेश यादव, वीर अभिमन्यु, ग्राम कचहरी सचिव के अलावे क्षेत्र के सभी ग्राम कचहरी सरपंच भी मौजूद थे.