धान नहीं खरीदे जाने से परेशान किसानों ने दी आंदोलन करने की चेतावनी

खोदावंदपुर,बेगूसराय। धान नहीं खरीदे जाने से परेशान बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के किसानों ने सड़क पर उतरने एवं आंदोलन करने का अल्टीमेटम दिया है. बीडीओ को दिए अपने सामूहिक आवेदन में किसान जय कुमार, सतीश महतो, राम शोभित कुमार, राम शंकर महतो, अमरेश कुमार, गोपाल गुप्ता, आशुतोष कुमार, शिवम राज, उमा शंकर महतो, मुखिया प्रतिनिधि आशुतोष कुमार आदि ने बताया है कि वेलोग अपना धान सरकारी समर्थन मूल्य पर पैक्स को बेचने के लिए तीन महीना पहले ही रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं, परन्तु उनलोगों का धान नहीं खरीदा जा रहा है, जिससे उनलोगों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो चुका है. धान उत्पादक इन किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के अंदर उनलोगों की धान नहीं खरीदी जायेगी तो वेलाग अपना- अपना धान का बोरा प्रखंड मुख्यालय खोदावन्दपुर में ले जाकर आंदोलन करेंगे. किसानों की समस्या को देखते हुए बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा ने प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी से इस समस्या को तुरंत निष्पादन करने का निर्देश दिया. प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी शैलेश कुमार ने किसानों से बात कर उन्हें सोमवार को धान बिक्री करवा देने का आश्वासन दिया है. बताते चलें कि धान खरीद कार्य के लिए बरियारपुर पश्चिमी पैक्स को बाड़ा पैक्स से टैग किया गया है, जिससे बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के किसानों को परेशानी हो रही है.