खोदावंदपुर/बेगूसराय। चेरिया बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत शिव पार्वती मंदिर रामपुरेश्वर धाम, रामपुर घाट में 14 फरवरी की सुबह महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर गाजे बाजे के साथ भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई. जो शोभायात्रा गाजेबाजे के साथ मंदिर परिसर से कर्रख चंदन टोल से वापस लौटकर रामपुर पुल, बूढ़ीगंडक नदी के बांध के रास्ते से गोपालपुर दुर्गा स्थान पहुंची, उसके बाद बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच 55 होते हुए सकरौली गांव का भ्रमण करते हुए बांध के रास्ते से रामपुर छर्रापट्टी होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हो गया. शोभा यात्रा में 1501 कलश-धारियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया. शोभायात्रा के दौरान शिव पार्वती की भव्य झांकी भी निकल गई. इसकी जानकारी देते हुए शिव शक्ति सेवा समिति रामपुरेश्वर धाम, रामपुर घाट के अध्यक्ष जनार्दन प्रसाद सिंह, संयोजक सुरेंद्र कुशवाहा, सचिव होरिल मोची, कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार सहित अन्य ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी शिव शक्ति सेवा समिति रामपुर घाट द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन 15 से 19 फरवरी तक मनाया जाएगा. उन्होंने बताया कि छह दिवसीय महाशिवरात्रि मेला में दूर दराज के प्रसिद्ध कलाकारों के द्वारा संध्या महाआरती के बाद भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा. साथ ही मेला परिसर में मनोरंजन के लिए रंग-बिरंगे झूले, मीना बाजार, मिठाई, खिलौने सहित अनेक प्रकार की दुकान लगी है तथा शिव पार्वती मंदिर को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है. वहीं शोभायात्रा के दौरान समिति के अलावे चेरिया बरियारपुर एवं बिभूतिपुर थाने की पुलिस बल एवं अधिकारी मुस्तैद दिखे.
वहीं दूसरी ओर संरक्षक मंडल के सदस्य धर्मेंद्र कुमार कुशवाहा, रामप्रवेश महतो, शशिकांत मेहता, संजय राय, प्रो संजय कुमार सुमन, मनोज कुमार गुप्ता, राम शंकर शर्मा, सत्यनारायण महतो, सज्जन यादव, डॉ वीरेंद्र कुमार, सुरेश कुमार सहित अनेक श्रद्धालुओं ने बताया कि 15 फरवरी को श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक किया जाएगा, उसके बाद शाम में महाशिवरात्रि महोत्सव मेला एवं शिव पार्वती विवाह भवन का उद्घाटन बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी के द्वारा किया जाएगा. साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार सरकार के मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री सुरेंद्र मेहता, गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान, चेरिया बरियारपुर विधायक अभिषेक आनंद, विभूतिपुर विधायक अजय कुमार एवं पूर्व मंत्री कुमारी मंजू वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में यह कार्यक्रम किया जाएगा. बताते चले की महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर पहले सुबह से ही श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान एवं नए वस्त्र धारण कर कलश शोभायात्रा में भाग लेने के लिए काफी उत्सुक थे. इस छह दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव को सफल बनाने के लिए आस-पास गांव के ग्रामीणों ने अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं.