खोदावंदपुर/बेगूसराय। सिन्हा होम्योपैथिक क्लिनिक खोदावन्दपुर परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. आरोग्य भारती बेगूसराय के द्वारा आयोजित इस शिविर में करीब सौ लोगों की स्वास्थ्य जांच करते हुए दवाइयां भी बांटी गयी. चिकित्सकों के द्वारा विभिन्न बीमारियों के मरीजों को उचित परामर्श दिये गये. चिकित्सकों की टीम में डॉ रामदेव सिन्हा, डॉ शशिभूषण प्रसाद, डॉ सरिता कुमारी, डॉ राम स्वार्थ प्रसाद एवं डॉ अनिल प्रसाद सिंह शामिल थे. कार्यक्रम के आरंभ में संत शिरोमणि रविदास महाराज की तैल चित्र पर माल्यार्पण किया गया. इसके बाद बेगूसराय आरएसएस के सह विभाग संघ चालक विश्वनाथ, समस्तीपुर जिला संपर्क प्रमुख राम सकल तथा रोसड़ा जिला संघ चालक मनोज द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया. मौके पर मौजूद उत्तर बिहार प्रांत के सेवा प्रमुख राजाराम ने सामाजिक समरसता निर्माण और पंच परिवर्तन से जुड़ी बातों को विस्तार से समझाया. आरोग्य भारती के विद्यालय स्वास्थ्यम प्रबोधन के प्रमुख रिटायर्ड शिक्षक राम सेवक महतो ने उपस्थित लोगों को बिना दवा स्वस्थ रहने के लिए कई उपयोगी टिप्स दिये. उन्होंने आयुर्वेद में वर्णित आहार-विहार, दिनचर्या, रहन- सहन, पथ्य-परहेज आदि के बारे में विस्तार से बताया और लोगों से निरोग रहने के लिए प्राकृतिक एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की अपील की.कार्यक्रम संचालन डॉ सी के प्रसाद ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सुरेश प्रसाद ने किया.कार्यक्रम संचालन में रोहित कुमार, सिंटु कुमार और ललन प्रसाद सिन्हा आदि सहयोग कर रहे थे.