अष्टयाम् महायज्ञ को लेकर गाजेबाजे के साथ निकाली गयी कलश शोभायात्रा, दौलतपुर ब्रहमस्थान परिसर में कार्यक्रम आयोजित

खोदावंदपुर/बेगूसराय। अष्टयाम् महायज्ञ को लेकर गाजेबाजे के साथ सोमवार को कलश शोभायात्रा निकाली गयी, जो शोभायात्रा ब्रहमस्थान दौलतपुर से निकली और बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच 55 होते हुए बूढ़ी गंडक नदी के बाड़ा कंकड़ी घाट पहुंची, जहां नारायणपुर गांव के पंडित अरुण कुमार झा के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरवाया गया. उसके बाद पुनः कलश शोभायात्रा गाजेबाजे के साथ उसी रास्ते से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचकर संपन्न हो गयी. इसकी जानकारी देते हुए मुख्य यजमान मनोज कुमार दास ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर ही अष्टयाम् महायज्ञ का आयोजन किया जाना था, परंतु किसी कारणवश से यह कार्यक्रम 16 फरवरी को आयोजित की गयी है. कलश शोभायात्रा से अष्टयाम् महायज्ञ का शुभारंभ किया गया, जो सीताराम सीताराम सीताराम जयघोष से अगले 24 घंटे के बाद 17 फरवरी की देर शाम विसर्जन के साथ संपन्न हो जायेगा. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल परिसर में भगवान शनिदेव, बाबा भोलेनाथ एवं डिहवार बाबा की मंदिर में मूर्ति स्थापित कर पूरे ग्रामवासी पूजा अर्चना करते हैं. इस महायज्ञ में मंगलवार को भगवान राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान, शंकर आदि की आकर्षक झांकी निकाली जायेगी. शोभायात्रा में 101 कलश-धारियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में राम रतन शर्मा, महात्मा राय, पप्पू शर्मा, उपेंद्र दास, पंकज शर्मा, अर्जुन दास, दीपक दास सहित अष्टयाम् यज्ञ पूजा समिति दौलतपुर के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं. इस महायज्ञ के आयोजन से पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया.