खोदावंदपुर,बेगूसराय। स्कूली बच्चों को ऐतिहासिक स्थल का परिभ्रमण करवाने के लिए रविवार की सुबह छात्र- छात्राओं से भरी बस को रवाना किया गया. उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नुरुल्लाहपुर उर्दू के बच्चों को पटना के लिए रवाना किया गया. विद्यालय के प्रधानाध्यापक विपिन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया. इसकी जानकारी देते हुए विद्यालय प्रधान ने बताया कि मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण व बिहार दर्शन योजना के तहत इस स्कूल के बच्चों को पटना भेजा गया है. उन्होंने बताया कि पटना में बच्चे गोलघर, तारामंडल, विज्ञान केंद्र, गांधी मैदान, चिड़ियाघर आदि का भ्रमण करेंगे. इससे बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ मानसिक और बौद्धिक विकास भी होगा. उन्होंने बताया कि सरकार की यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है, इससे बच्चों में ज्ञानवर्धन होगा. वहीं पटना के परिभ्रमण पर जाने वाले इस स्कूल के बच्चों में काफी खुशी देखी गयी.