खोदावंदपुर,बेगूसराय। भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा के मौके पर प्रखंड के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के शिक्षकों को भूकंप से बचाव का प्रशिक्षण दिया गया. प्रखंड मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों को भूकंप से बचाव के विभिन्न टिप्स दिये गये. इस मौके पर एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर राघवेंद्र प्रसाद, सिपाही संतोष कुमार राम, धीरेन्द्र कुमार, मोहम्मद सद्दाम हुसैन, जिला रिसोर्स पर्सन रणविजय पाठक के अलावे बिहार अग्निशमन सेवा से अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी विकास कुमार मांझी, अग्निशमन वाहन के चालक गौरव कुमार एवं पंकज कुमार मंडल की टीम ने कहा कि पक्का मकान बनवाने में सावधानी बरतने की जरूरत है. मकान भूकंपरोधी बनाया जाना चाहिये. वजनी सामान को मकान में नीचे रखना चाहिये. जर्जर मकान को त्याग देना चाहिए नहीं तो कभी भी जान माल का नुकसान हो सकता है. आपात स्थिति से निपटने के लिए अपने घर में हमेशा बैंडेज पट्टी भी रखना चाहिये. टीम के सदस्यों ने कहा कि भूकंप आने पर घबराना नहीं चाहिये, बल्कि घर के कोने में खड़ा हो जाना चाहिये. यदि भीड़भाड़ वाले स्थान पर भूकंप का झटका महसूस हो तो वहां से हटकर तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाना चाहिये. ऐसे मौके पर बच्चे व गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान रखना चाहिये. टीम के सदस्यों ने कहा कि आपदा को रोका नहीं जा सकता, परन्तु सावधानी बरतकर उससे बचा जा सकता है.