खोदावंदपुर,बेगूसराय। बेलगाम ट्रक एवं स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर में स्कॉर्पियो पर सवार आधा दर्जन बाराती गंभीर रूप से जख्मी हो गया. यह सड़क हादसा गुरुवार की देर रात बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच 55 पर बरियारपुर पश्चिमी मिडिल स्कूल तीन बटिया के समीप घटी. सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोगों ने सभी जख्मी बारातियों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावन्दपुर पहुंचाया, जहां सभी बारातियों का समुचित इलाज किया गया. घायल बारातियों की पहचान खोदावंदपुर गांव निवासी अखिलेश कुमार के 17 वर्षीय पुत्र अवनीश कुमार, स्व.तेज नारायण महतो के 22 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार, अवधेश महतो के 27 वर्षीय पुत्र सुशील कुमार, कन्हैया महतो के 15 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार एवं मुसहरी गांव के भुनेश्वर महतो के 45 वर्षीय पुत्र व स्कॉर्पियो चालक पंकज कुमार के रूप में की गयी. मिली जानकारी के अनुसार ये सभी लोग खोदावंदपुर गांव से एक स्कॉर्पियो में बैठकर रोसड़ा, मिर्जापुर स्थित पालकी उत्सव पैलेस में बारात गये थे, जहां से रात्रि करीब दो बजे खोदावंदपुर वापस लौटने के दौरान रास्ते में घटनास्थल के समीप यह सड़क हादसा हुई. जख्मियों ने बताया कि बरियारपुर पश्चिमी मिडिल स्कूल तीन बटिया के निकट बेगूसराय से रोसड़ा की ओर जा रही बालू लदी तेज रफ्तार ट्रक एवं बाराती से लौट रहे स्कॉर्पियो में भीषण टक्कर हो गया. जिससे स्कार्पियो सवार आधे दर्जन से अधिक बाराती जख्मी हो गये. सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची खोदावन्दपुर पुलिस ने भाग रहे दुर्घटनाकारित ट्रक को खदेड़कर पकड़ लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को भी अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी है.