खोदावंदपुर,बेगूसराय। शुक्रवार को बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच 55 पर बरियारपुर पश्चिमी गांव के समीप सिमरिया से रोसड़ा की ओर जा रही यात्रियों से भरी टेम्पू के पलट जाने से इसमें सवार आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जख्मी यात्रियों को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खोदावन्दपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से जख्मी रामदेव मेहता, कैली देवी व मानस कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया गया. जख्मी यात्रियों की पहचान सुपौल जिला के मरौना थाना क्षेत्र के झिंगवा गांव निवासी राम कुमार महंत की 50 वर्षीया पत्नी कैली देवी, स्व सुबोध मेहता के 80 वर्षीय पुत्र रामदेव मेहता, फूलेंद्र कुमार मेहता के 30 वर्षीया पत्नी फूल कुमारी देवी व 12 वर्षीय पुत्र मानस कुमार एवं रविन्द्र कुमार मेहता की 3 वर्षीया पुत्री आकांक्षा कुमारी तथा मधेपुर थाना क्षेत्र के लाहवन गांव निवासी सुनील कुमार मेहता के 5 वर्षीय पुत्र माधव कुमार के रूप में की गयी. जबकि स्कूटी सवार समस्तीपुर जिला के विभूतिपुर थाना अंतर्गत खोकसाहा गांव का बताया जा रहा है, उसका इलाज रोसड़ा के एक नीजी क्लिनिक में चल रहा है. जख्मी लोगों ने स्थानीय पुलिस को बताया है कि वे लोग सिमरिया में गंगा स्नान कर टेंपू से वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में घटनास्थल के निकट एक स्कूटी सवार युवक पीछे से ओवरटेक कर टर्न ले लिया, उसी स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में उनका टेंपू असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिसमें आधा दर्जन से अधिक यात्री जख्मी व चोटिल हो गये तथा स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गयी.