मेघौल लक्ष्मीपुर डेरा से पूरब बगाही बहियार में अज्ञात वृद्ध की शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

खोदावंदपुर/बेगूसराय। मेघौल पंचायत के लक्ष्मीपुर डेरा से पूरब बगाही बहियार में पुलिस ने एक अज्ञात वृद्ध की शव बरामद किया गया है। समाचार प्रेषण तक इस शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है. शव मिलने की सूचना मिलते ही मंझौल एसडीपीओ नवीन कुमार, पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार, खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, पुअनि अख्तर हुसैन, विनय कुमार, चेरिया बरियारपुर थाना के पुअनि अफजल आलम, अजीत कुमार गुप्ता, रामप्रवेश राय, सअनि रमेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. घटनास्थल खोदावंदपुर थाना क्षेत्र या चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र में है, इसको लेकर कुछ समय तक मंथन होता रहा. घंटों बाद खोदावंदपुर पुलिस ने इस शव को अपने कब्जे में लेकर उसे रविवार की शाम पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया. बताते चलें कि बगाही बहियार स्थित एक पोखर में अज्ञात वृद्ध की शव मिलने की सूचना मिलते ही आस-पास गांवों के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी. लोगों ने शव का शिनाख्त करने का प्रयास किया, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी. मौके पर गोपालपुर पंचायत के मुखिया आलोक ललन भारती भी मौजूद थे. लावारिस हालत में वृद्ध की शव मिलने की घटना को पुलिस गहन जांच पड़ताल करने में जुट गयी है. लोगों ने पोखर के पानी में डूब जाने से वृद्ध की मौत हो जाने की आशंका जतायी है.