कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खरीफ फसल की खेती के नवीनतम तकनीकों की दी जानकारी, खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के तीन पंचायतों में लगाया गया कृषि चौपाल

खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के बाड़ा, दौलतपुर एवं सागी पंचायतों में सोमवार को कृषि चौपाल लगाया गया, जहां कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खरीफ फसल की खेती के नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी. खरीफ कृषि जन कल्याण चौपाल में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी गौरव कुमार ने सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाये जाने वाले कई योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने सरकार की इन लाभकारी योजनाओं से लाभ उठाने की बात कही. वहीं कृषि विभाग के सहायक निदेशक अभियंत्रण न्यूटन कुमार ने कृषि विभाग द्वारा किसानों को उन्नत खेती के लिए दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी. इस मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र खोदावन्दपुर के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ राम पाल ने किसानों को व्यवसायिक दृष्टि से खेती करने की सलाह दी. वहीं केविके के वैज्ञानिक डॉ विपिन ने खरीफ मक्का लगाकर किसानों को अधिक आमदनी लेने की सलाह दिया. कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुमन कुमार सुरेन्द्र ने रजिस्टर्ड किसानों को सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए किसानों को इसका लाभ उठाने की अपील की. चौपाल कार्यक्रम में प्रखंड कृषि समन्वयक रंजय कुमार ने बताया कि सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाना चाहती है. किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए  सरकार द्वारा कई लाभकारी योजनाएं चलायी जा रही है. वहीं कृषि समन्वयक मनोरंजन कुमार ने बताया कि खरीफ फसल की उन्नत खेती के लिए कृषि विभाग किसानों को प्रोत्साहित कर रही है. मौके पर प्रखंड तकनीकी प्रबंधक रजनी रानी, पूर्व मुखिया टिंकू राय सहित तीन पंचायतों में लगाये गये कृषि जन कल्याण चौपाल में अनेक किसान मौजूद थे.