खोदावंदपुर,बेगूसराय। क्षेत्रीय मक्का अनुसंधान केंद्र, कुसमहौत बेगूसराय को कर्नाटक के शिवमोगा में स्थानांतरित करने की केंद्र सरकार की योजना से किसानों में गुस्सा देखा जा रहा है. मक्का अनुसंधान केंद्र को बेगूसराय से कर्नाटक स्थानांतरित किए जाने की योजना का विरोध केंद्रीय कपड़ा मंत्री सह स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह ने किया है. स्थानीय सांसद ने इस संदर्भ में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर मक्का अनुसंधान केंद्र को बेगूसराय में ही रखने का आग्रह किया है. सांसद श्री सिंह ने बताया है कि बिहार मक्का उत्पादन में देश के तीसरे स्थान पर है. इसके साथ-साथ पूर्वी भारत के किसान भी काफी मात्रा में मक्का का उत्पादन करते हैं. स्थानीय सांसद ने अपने पत्र में लिखा है कि क्षेत्रीय मक्का अनुसंधान केंद्र को बेगूसराय से कर्नाटक स्थानांतरित किए जाने पर बिहार समेत पूर्वी भारत के सभी किसानों को नुकसान होगा. क्षेत्रीय मक्का अनुसंधान केंद्र को बेगूसराय से कर्नाटक स्थानांतरित करने की भारत सरकार की योजना से यहां के किसानों में आक्रोश व्याप्त है.