किसानों को बतायी गयी सरसों फसल के खेती की नवीनतम तकनीक, खोदावंदपुर कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा वीरपुर में कार्यक्रम आयोजित

खोदावंदपुर,बेगूसराय। वीरपुर प्रखंड में गुरुवार को खोदावंदपुर कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा तकनीकी सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान किसानों को सरसों फसल की खेती के नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी गयी. इसकी जानकारी देते हुए खोदावंदपुर कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ रामपाल ने बताया कि इस मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र खोदावंदपुर के विषय वस्तु विशेषज्ञ, उद्यान डॉ नागन गौड़ा पाटिल ने किसानों को सरसों की देशी नस्ल के स्थान पर  सरसों के उन्नत प्रभेद राजेन्द्र सुफलाम की खेती करने की सलाह दी. उन्होंने बताया कि तेलहन आदर्श ग्राम में इस वर्ष 500 एकड़ क्षेत्र में सरसों के उन्नत प्रभेद राजेंद्र सुफलाम का बीज बोया जायेगा. उन्होंने बताया कि परीक्षण के तौर पर इस गांव में आगामी तीन वर्षों तक इस लगातार योजना चलाया जायेगा. डॉ पाटिल ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य भारत को तेलहन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है. इस अवसर पर कृषि वैज्ञानिक व विषय वस्तु विशेषज्ञ, पशु चिकित्सा डॉ विपिन ने तेलहन से प्राप्त होने वाले खल्ली को पशु चारे के रूप में उपयोग करने की सलाह किसानों को दिया. इस कार्यक्रम में कृषि एवं पशुपालन से संबंधित विषयों पर किसानों से उनके विचार लिये गये. इस कार्यक्रम में 60 किसानों एवं महिलाओं ने भाग लिया.