खोदावंदपुर/बेगूसराय। बुधवार को खोदावन्दपुर प्रखंड कार्यालय के समक्ष मुखिया संघ ने अधिकारों में कटौती किये जाने के विरोध में एक दिवसीय धरना दिया. आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह मेघौल पंचायत के मुखिया पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के तहत मुखिया को कुल 29 अधिकार दिये गये हैं, परंतु धरातल पर मुखिया के अधिकारों में काफी कमी कर दी गयी है. पंचायतों के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों में बाहर से आयी एजेंसियों के जरिए कार्य का संपादन करवाया जा रहा है. इससे त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के नियमों का उलंघन हो रहा है. इसके विरोध में राज्य के सभी मुखियागण ने अपने कार्यों का बहिष्कार कर दिया है. मुखिया सांकेतिक हड़ताल पर चले गये हैं. यह हड़ताल आगामी 31 अगस्त तक जारी रहेगा. धरना कार्यक्रम को बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के मुखिया बाबू प्रसाद वर्मा, बाड़ा पंचायत की मुखिया बेबी देवी, फफौत पंचायत की मुखिया उषा देवी, सागी पंचायत के मुखिया इरशाद आलम, खोदावंदपुर की मुखिया शोभा देवी, बरियारपुर पूर्वी पंचायत के मुखिया मोहम्मद माजिद हुसैन एवं दौलतपुर पंचायत के मुखिया उमा कुमार चौधरी ने भी अपना अपना उदगार व्यक्त किया. मौके पर बाड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया टिंकू राय, फफौत पंचायत के पूर्व मुखिया अनिल कुमार, खोदावंदपुर पंचायत के पूर्व मुखिया राम पदार्थ महतो समेत अन्य मौजूद थे. वहीं मुखिया संघ ने अपनी 21 सूत्री मांगों से संबंधित मांग पत्र बीडीओ को सौंपा.