खोदावंदपुर/बेगूसराय। सार्वजनिक ब्रह्मस्थान दौलतपुर में मंगलवार की देर शाम बैंड बाजे के साथ भव्य कलश विसर्जन शोभायात्रा निकाली गयी. भगवान राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान, शंकर, नारदमुनि, भूतपिशाच की झांकी के साथ शोभायात्रा कार्यक्रम स्थल से पूरे मुहल्ले का भ्रमण करते हुए मुख्य पथ एस एच 55 से होते हुए बाड़ा गांव स्थित बूढ़ीगंडक नदी के कंकड़ी घाट में कलश का विसर्जन किया गया. इसकी जानकारी देते हुए मुख्य यजमान राम रतन शर्मा ने बताया कि जनसहयोग से डिहबार बाबा के नया मंदिर का निर्माण किया गया. इसी उपलक्ष्य में 21 अगस्त को कलश शोभायात्रा के साथ अष्टयाम यज्ञ का शुभारंभ सार्वजनिक ब्रह्मस्थान दौलतपुर में किया गया, जो 22 अगस्त की देर शाम कलश विसर्जन के साथ अष्टयाम महायज्ञ संपन्न हो गया. विसर्जन शोभायात्रा में 111 कलशधारियों ने भाग लिया. उन्होंने बताया कि अष्टयाम यज्ञ में जय सीताराम राधेश्याम गौरी शंकर जय हनुमान की ध्वनि से यज्ञ करवाया गया. साथ ही अष्टयाम यज्ञ के दौरान प्रसिद्ध कलाकारों के द्वारा भव्य रासलीला कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों नर- नारियों ने जमकर आनंद उठाया. अष्टयाम यज्ञ को संपन्न कराने में उपेंद्र दास, मनोज दास, महेश ठाकुर, अर्जुन दास सहित पूरे ग्रामीणों ने अपनी अहम भूमिका निभाई. इस कार्यक्रम के आयोजन से पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया.