खोदावंदपुर/बेगूसराय: राजकीयकृत मध्य विद्यालय बेगमपुर में विद्यार्थियों के बीच नेतृत्व क्षमता विकसित करने एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बाल संसद का गठन किया गया. इस प्रक्रिया में बच्चों ने उत्साह-पूर्वक भाग लिया और लोकतांत्रिक तरीके से अपने प्रतिनिधियों का चयन किया. बाल संसद में वर्ग 8 की छात्रा स्मृति कुमारी को प्रधानमंत्री चुना गया, जबकि इसी वर्ग के छात्र भेमंत कुमार को उपप्रधानमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई. चयन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया. इसकी जानकारी देते हुए विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका पंचमुखी कुमारी ने बताया कि बाल संसद के गठन से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता तथा जिम्मेदारी की भावना का विकास होता है. साथ ही यह पहल छात्रों को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर भी प्रदान करती है. उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर इस तरह की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं.