मायके में ही बेघर हुई युवती, सौतेले चाचाओं से जान का खतरा, प्रशासन से लगाई सुरक्षा की गुहार

खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के बरियारपुर पश्चिमी गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता युवती अपने ही मायके में दूसरे के घर में छिपकर रहने को मजबूर है. युवती ने अपने सौतेले चाचाओं से जान का खतरा बताते हुए जिला प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है. मिली जानकारी के अनुसार बरियारपुर पश्चिमी गांव निवासी स्वर्गीय सुनील प्रसाद गुप्ता की पुत्री संजना देवी ने डीएम और एसपी को आवेदन देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है. पीड़िता ने बताया कि उसके पिता स्वर्गीय श्याम बिहारी गुप्ता की पहली पत्नी से जन्मे थे. पहली पत्नी की मृत्यु के बाद श्याम बिहारी गुप्ता ने दूसरी शादी की, जिससे उन्हें तीन पुत्र और दो पुत्रियां हुईं. पीड़िता के अनुसार उसके पिता की मृत्यु के बाद सौतेले भाइयों ने उसे और उसकी मां को मारपीट कर घर से निकाल दिया. वर्तमान में वह अपने मायके में ही दूसरे के घर में शरण लेकर रह रही है. उसने बताया कि वह अपने पैतृक संपत्ति में हक चाहती है, लेकिन उसके सौतेले चाचा इसके विरोध में खड़े हो गए हैं और उसे लगातार धमकियां दे रहे हैं. संजना देवी ने बताया कि वंशावली तैयार कराने के लिए उसने दो माह पूर्व आवेदन दिया था, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है. आरोप है कि उसके सौतेले चाचा ही वंशावली बनाने की प्रक्रिया में बाधा डाल रहे हैं. पीड़िता ने प्रशासन से न्याय दिलाने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. वहीं इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है.