खोदावन्दपुर/बेगूसराय। डीएम सह नगर निकाय चुनाव के निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा और एसपी योगेंद्र कुमार ने नगर निकाय चुनाव को लेकर क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का संयुक्त रूप से जायजा लिया। डीएम ने बताया कि चारों नगर परिषद में तेघरा, बरौनी, बीहट और बलिया में शांतिपूर्ण और भयमुक्त चुनाव संपन्न करा लिया गया है। किसी भी मतदान केंद्र पर अप्रिय घटना नहीं घटी है। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस पदाधिकारी काफी चौकस दिखे।
जिले के चार नगर परिषदों में तेघड़ा, बरौनी, बीहट और बलिया में फर्स्ट फेज का मतदान शांतिपूर्वक रविवार को संपन्न हो गया। मतदान सुबह 7 बजे से लेकर शाम के 5 बजे तक चला. तेघड़ा नगर परिषद क्षेत्र में मतदान शाम के 5 बजे तक 60.23 प्रतिशत, बरौनी में 63.56 प्रतिशत, बीहट में 61.13 प्रतिशत और बलिया में 62.58 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें पुरुष और महिला मतदाताओं ने मिलकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चारों नगर परिषद क्षेत्रों में पुरुष मतदाता से सर्वाधिक महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तेधड़ा में पुरुष मतदाता 56.482, महिला मतदाता 63.99 प्रतिशत, बरौनी में पुरुष 60.38 प्रतिशत व महिलाएं 66.74 प्रतिशत, बीहट में पुरुष 58.99 प्रतिशत व महिलाएं 63.28 प्रतिशत, बलिया में पुरुष 58.91 प्रतिशत व महिलाएं 66.26 प्रतिशत अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तेघड़ा व बरौनी नगर परिषद का ईवीएम जीडी कॉलेज में तथा बीहट व बलिया नगर परिषद का ईवीएम मशीन कृषि उत्पादन बाजार समिति पन्हास में रखा गया है, जहां वोटों की गिनती 20 दिसंबर को सुबह 8 बजे से होगी।
सभी प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम मशीन में बंद हो गया, जो आगामी 20 दिसम्बर को खुलेगा। तेधडा नगर परिषद में कुल 28 वार्ड हैं। इसके लिए कुल 129 प्रत्याशी मैदान में खड़े हैं। मुख्य पार्षद पद के लिए 08 और उप मुख्य पार्षद पद के लिए 07 तथा शेष वार्ड पार्षद पद के लिए प्रत्याशी मैदान में खड़े हैं। वहीं बरौनी नगर परिषद में कुल 31 वार्ड हैं, यह पहली बार नगर परिषद बना है। इसके लिए कुल 224 प्रत्याशी मैदान में खड़े हैं। बीहट नगर परिषद के लिए कुल 37 वार्ड हैं। इसके लिए 196 प्रत्याशी मैदान में खड़े हैं, जिसमें से 11 प्रत्याशी मुख्य पार्षद पद के लिए 06 प्रत्याशी, उप मुख्य पार्षद पद समेत कुल 179 वार्ड पार्षद पद से खड़े हैं। वहीं बलिया नगर परिषद के लिए कुल 28 वार्ड हैं। इसमें मुख्य पार्षद पद से 10 प्रत्याशी व उप मुख्य पार्षद पद से 7 तथा 148 प्रत्याशी वार्ड पार्षद पर से खड़े हैं।