खोदावंदपुर/बेगूसराय। गृहगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले एक पर्यवेक्षक एवं दो प्रगणकों पर प्रशासन ने कार्रवाई की है. प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा किये गये औचक निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मी बिना सूचना अपने कार्य क्षेत्र से अनुपस्थित पाये गये. इसके बाद उनसे कारण पृच्छा करते हुए 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है, साथ ही संतोषजनक जवाब मिलने तक मई माह के वेतन निकासी पर रोक लगा दी गई है. प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार पर्यवेक्षक संख्या-8 सुशांत कुमार, प्रगणक संख्या-44 संदीप कुमार साहु एवं प्रगणक संख्या-48 सुरेश कुमार पंडित पर बिना सूचना गृहगणना कार्य से अनुपस्थित रहने का आरोप लगाया गया है. इसकी जानकारी देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा ने बताया कि आगामी जनगणना को लेकर वर्तमान में गृहगणना का कार्य चल रहा है. शनिवार को उन्होंने दौलतपुर पंचायत के चलकी गांव में गृहगणना कार्य का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान संबंधित पर्यवेक्षक एवं दोनों प्रगणक अपनी ड्यूटी से गायब पाये गये. बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने बताया कि सभी कर्मियों को समय पर और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है.