खोदावंदपुर/बेगूसराय। बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच-55 किनारे बरियारपुर पश्चिमी गांव में सोमवार की शाम आई तेज आंधी-तूफान ने एक बड़ा हादसा खड़ा कर दिया. वर्षों से जर्जर पड़ा विद्युत पोल अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल युवती की पहचान बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड 4 निवासी चन्द्रशेखर प्रसाद की 22 वर्षीय पुत्री लवली कुमारी के रूप में की गई है. घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावंदपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया. बाद में परिजन उसे एक निजी अस्पताल में लेकर गये, जहां उसका इलाज जारी है और स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार चन्द्रशेखर प्रसाद के घर के सामने वर्षों से एक जर्जर विद्युत पोल खड़ा था, जिस पर कोई तार भी नहीं था.सोमवार की शाम आई तेज आंधी और बारिश के दौरान जब लवली कुमारी अपने डेरा से जलावन लेकर घर लौट रही थी, तभी अचानक पोल गिर पड़ा और वह उसकी चपेट में आ गई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर विद्युत पोल को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है.