किशोरी की संदिग्ध मौत से गांव में सनसनी, शादी की खुशियां मातम में बदली

खोदावंदपुर/बेगूसराय। थाना क्षेत्र के बरियारपुर पश्चिमी पंचायत में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है. बताया जाता है कि मृतका के चचेरी बहन की शादी होने वाली थी. घर में मंगल गीत और शादी की तैयारियों के बीच रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था तथा परिवार में खुशी का माहौल था. इसी दौरान किशोरी ने कथित रूप से घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. घटना के बाद शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं. मिली जानकारी के अनुसार मृतका किसान प्लस टू विद्यालय तारा बरियारपुर की नवम वर्ग की छात्रा थी. स्थानीय लोगों के मुताबिक किशोरी किसी युवक से बातचीत कर रही थी, जिसे लेकर परिजनों द्वारा टोका गया था. इसके बाद उसने यह कदम उठा लिया, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. घटना बीते 5 मई की रात की बतायी जा रही है. इस मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. वहीं पुलिस मामले की गहन जांच पड़ताल करने में जुटी है.