खोदावंदपुर, बेगूसराय। दौलतपुर-मालीपुर मुख्य सड़क पर अमरदीप डिजिटल धर्मकांटा के समीप सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौत हो गई. यह सड़क हादसा ऑटो रिक्शा की ठोकर से बताया जा रहा है. मृतक की पहचान दौलतपुर पंचायत के चलकी गांव स्थित वार्ड आठ निवासी स्वर्गीय मन्ना दास के 40 वर्षीय पुत्र संजीत दास के रूप में की गई. घटना की सूचना मिलते ही खोदावंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चोटिल संजीत दास को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावन्दपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की वृद्ध मां अलखी देवी, पत्नी चंद्रावती देवी सहित बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे दो नाबालिग पुत्र- सुमित कुमार एवं रवि कुमार तथा एक पुत्री मनीषा कुमारी को छोड़ गया है. बताया जाता है कि संजीत दास दिव्यांग था और अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था. पुलिस ने सोमवार की रात में ही शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया. मंगलवार की सुबह जब शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा. मिली जानकारी के अनुसार मृतक अपने चार भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था. कई वर्ष पूर्व ही उसके भाई रंजीत दास की मौत बिजली के करंट लगने से हो गई थी, जबकि पिता की मौत पहले ही दिल्ली में सड़क दुर्घटना में हो चुकी है. लगातार हो रही पारिवारिक त्रासदियों से परिवार पूरी तरह टूट चुका है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं सरकारी लाभ दिलाने की मांग की है. वहीं दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही 5 मई को उपप्रमुख नरेश पासवान, पूर्व मुखिया बाबू प्रसाद यादव, राम जीवन महतो, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव कुशवाहा, समाजसेवी रामाधार महतो, नथुनी महतो, राम पुकार महतो, राम विनोद महतो, जनक महतो, संतोष कुमार सहित अनेक लोगों ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर सांत्वना दिया तथा इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के परिजनों को हरसंभव मदद करने का भरोसा दिया.