मदर्स डे पर मां की ममता और संस्कारों को किया गया नमन, सीडी फोर्ट पब्लिक स्कूल नारायणपुर परिसर में कार्यक्रम आयोजित

राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। मदर्स डे के अवसर पर सोमवार को सीडी फोर्ट पब्लिक स्कूल नारायणपुर एवं सी डी फोर्ट- गार्गी पाठशाला में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में माताओं के त्याग, ममता और बच्चों के जीवन में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विद्यालय के निदेशक एस के सिंह ने कहा कि मां की तुलना किसी दूसरे से नहीं की जा सकती. मां अनेक कष्टों को सहन कर बच्चों को जन्म देती है और उनका पालन- पोषण करती है. बच्चों में संस्कार देने का कार्य भी मां ही करती है. उन्होंने कहा कि दुनिया के जितने भी महान लोग हुए हैं, उनकी सफलता के पीछे उनकी मां की अहम भूमिका रही है. निदेशक सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि मां का स्थान जीवन में सर्वोपरि होता है. उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों को मां का सम्मान करने, उनकी भावनाओं का ख्याल रखने तथा हर कार्य से पहले मां का आशीर्वाद लेने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने विनम्रता एवं चरण स्पर्श के महत्व पर भी प्रकाश डाला. इस अवसर पर विद्यालय की चेयरमैन मंजु सनगही ने कहा कि छोटा बच्चा सबसे पहले अपनी मां को पहचानता है, जबकि अन्य रिश्तों के बारे में उसे बाद में बताया जाता है. यही कारण है कि मां का स्थान सबसे महान माना जाता है. वहीं सी डी फोर्ट- गार्गी पाठशाला में आयोजित मातृ दिवस समारोह में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों की माताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया. विद्यालय की चेयरपर्सन मंजु सनगही ने “बच्चों का पहला स्कूल- मां की गोद” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए माताओं को सात महत्वपूर्ण संदेश दिये. उन्होंने कहा कि बच्चों को समय देना सबसे बड़ा उपहार है. बच्चों की तुलना नहीं करनी चाहिए तथा गलती होने पर उन्हें प्यार से समझाना चाहिए. उन्होंने कहा कि संस्कार किताबों से नहीं, बल्कि माता-पिता के व्यवहार से आते हैं. बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर किताबों के करीब लाने, “ना” सुनने की आदत विकसित करने तथा विद्यालय पर भरोसा बनाए रखने पर भी उन्होंने जोर दिया. इस अवसर पर दर्जनों माताओं को “बेस्ट मदर अवार्ड” देकर सम्मानित किया गया तथा शॉल ओढ़ाकर विशेष सम्मान प्रदान किया गया. वहीं विद्यालय के बच्चों ने गीत-संगीत एवं रंगारंग नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक एम कुमार, सचिन, भागीरथ, संदीप एवं नृत्य शिक्षक अभिषेक कुमार शर्मा सहित विद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. विद्यालय प्रबंधन ने सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं उपस्थित माताओं के प्रति आभार व्यक्त किया.