खोदावन्दपुर में नवविवाहित जोड़े को मिला हरित पौधे का अनोखा उपहार

खोदावंदपुर, बेगूसराय। पर्यावरण संरक्षण और भारतीय परंपरा का सुंदर संदेश देते हुए नवविवाहित जोड़े को हरित पौधा उपहार में दिया गया.दौलतपुर गांव के युवा “ऑक्सीजन मैन” सरोज कुमार ने अपने बड़े भाई इंजीनियर नवीन कुमार के विवाह समारोह के उपरांत वर-वधु को आम का पौधा भेंट कर उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की. इस अवसर पर सरोज कुमार ने कहा कि आम का वृक्ष सुख, समृद्धि और उर्वरता का प्रतीक माना जाता है. नवविवाहित जोड़े को आम का पौधा भेंट करना उनके जीवन में खुशहाली, प्रेम और वंश वृद्धि की मंगलकामना का प्रतीक है. उन्होंने बताया कि हिंदू परंपराओं में आम की पत्तियों और लकड़ी को अत्यंत पवित्र माना जाता है तथा विवाह, पूजा-पाठ और अन्य शुभ कार्यों में इसका विशेष उपयोग होता है. उन्होंने यह भी कहा कि आम के पत्ते नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर घर में सकारात्मक वातावरण लाने का कार्य करते हैं. चूंकि आम का वृक्ष सदाबहार और मजबूत होता है, इसलिए इसका पौधा उपहार में देने का अर्थ है कि नवविवाहित जोड़े का संबंध भी इसी तरह मजबूत, स्थायी और प्रेमपूर्ण बना रहे. सरोज कुमार की यह पहल आधुनिक समय में पर्यावरण जागरूकता फैलाने का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी है. शादी जैसे अवसर पर पौधा भेंट कर उन्होंने पौधरोपण को बढ़ावा देने और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया है. गौरतलब है कि भारतीय संस्कृति में विभिन्न वृक्षों का विशेष महत्व रहा है, जिनमें आम का वृक्ष प्रमुख है. इसे ‘फलों का राजा’ कहा जाता है और यह केवल स्वादिष्ट फल ही नहीं, बल्कि धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है. सरोज कुमार के इस अनोखे और सार्थक उपहार की क्षेत्र में खूब सराहना की जा रही है.