खोदावंदपुर,बेगूसराय। सीडी फोर्ट पब्लिक स्कूल नारायणपुर गार्गी पाठशाला में बुधवार को मेंस्ट्रुअल हाइजीन डे के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को माहवारी से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी देना तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना था. कार्यशाला में कक्षा 4 की छात्राओं के साथ विद्यालय की महिला शिक्षिकाओं ने भाग लिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की चेयरपर्सन मंजू संगही ने की. कार्यशाला के दौरान बच्चियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा सामाजिक भ्रांतियों से बचने के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई. छात्राओं को बताया गया कि मासिक धर्म एक सामान्य एवं प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसे लेकर किसी प्रकार की शर्म या डर नहीं होना चाहिए. कार्यक्रम में माताओं के लिए भी विशेष संदेश दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि अभिभावकों को अपनी बेटियों को पीरियड शुरू होने से पहले ही मानसिक रूप से तैयार करना चाहिए. उनसे खुलकर बातचीत करनी चाहिए तथा घर में पीरियड किट हमेशा उपलब्ध रखना चाहिए, ताकि बच्चियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. इस अवसर पर करीब 40 से 50 छात्राओं एवं शिक्षिकाओं के बीच सैनिटरी पैड का वितरण किया गया. साथ ही हाथों की स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी प्रतिभागियों को एक-एक साबुन का गिफ्ट पैक भी प्रदान किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में पुरुष शिक्षक एम. कुमार, रोहन कुमार एवं संदीप कुमार के साथ शिक्षिकाएं अनीता सिंह और स्वाति चौधरी ने सक्रिय भूमिका निभाई. वहीं कक्षा 10 की छात्राओं ने वॉलंटियर के रूप में भाग लेते हुए कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्था में सहयोग किया. विद्यालय की चेयरपर्सन मंजु सनगही ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन केवल शैक्षणिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सर्वांगीण विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रयास है कि जानकारी के अभाव में कोई भी छात्रा पढ़ाई छोड़ने को मजबूर न हो. कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें माहवारी से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं, जो उनके स्वास्थ्य और आत्मविश्वास के लिए लाभदायक साबित होंगी.