खोदावंदपुर,बेगूसराय। समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए मेघौल गांव के युवा समाजसेवी आनंद कुमार लगातार ग्रामीणों को निःशुल्क तीर्थयात्रा करवा रहे हैं. उनकी इस अनोखी पहल की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है. पंचायत- वासियों को धार्मिक स्थलों का दर्शन कराकर आनंद कुमार लोगों का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार आनंद कुमार अब तक पंचायत के सैकड़ों लोगों को प्रयागराज, हरिद्वार, आयोध्या एवं काशी विश्वनाथ मंदिर की निःशुल्क यात्रा करवा चुके हैं. इसी कड़ी में मंगलवार की देर शाम उन्होंने 10 कोच बसों के काफिले के साथ पंचायत के सैकड़ों लोगों को राजगीर तीर्थ यात्रा के लिए रवाना किया. यात्रा में शामिल ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया. बस रवाना होने के दौरान लोगों ने आनंद कुमार की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. बताया जाता है कि इस पूरी यात्रा का खर्च आनंद कुमार ने स्वयं वहन किया. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के भोजन, ठहराव एवं अन्य सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है. ग्रामीणों ने कहा कि आज के समय में जहां लोग अपने स्वार्थ में लगे रहते हैं, वहीं आनंद कुमार समाज के लोगों को तीर्थयात्रा करवाकर सेवा और संस्कार की मिसाल पेश कर रहे हैं. इस संबंध में आनंद कुमार ने बताया कि उन्होंने समाज सेवा एवं जन सेवा का संकल्प लिया है. लोगों की सेवा करने और बुजुर्गों का आशीर्वाद पाने से उन्हें आत्मिक खुशी मिलती है. उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के सामाजिक कार्य जारी रहेंगे.वहीं आनंद कुमार के पिता रामायण प्रसाद सिंह ने अपने पुत्र के इस कार्य पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह सब ईश्वर की कृपा और आशीर्वाद का परिणाम है. उन्होंने कहा कि समाज की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म है और उनका पुत्र इसी भावना के साथ कार्य कर रहा है. ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने आनंद कुमार की इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया है.