अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर ग्लोबल वार्मिंग विषय पर बच्चों के बीच हुई अंग्रेजी प्रतियोगिता *सफल छात्र-छात्राओं को किया गया पुरस्कृत*

खोदावंदपुर/बेगूसराय। अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर उच्च माध्यमिक विद्यालय बाड़ा, तेतराही में ग्लोबल वार्मिंग विषय पर बच्चों के बीच अंग्रेजी भाषा में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी बीईओ मिथिलेश बिहारी वर्मा एवं विद्यालय प्रधान रेखा कुमारी ने संयुक्त रूप से स्कूल परिसर में पौधारोपण कर किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा ने कहा कि लगातार बढ़ रहा पर्यावरण प्रदूषण मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदूषण के कारण पहाड़ भी पिघल रहे हैं और जलवायु परिवर्तन का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है. पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण रोकने का सबसे प्रभावी उपाय पौधारोपण है. जल-जीवन-हरियाली अभियान के माध्यम से ही पर्यावरण की सुरक्षा संभव है. वही विद्यालय प्रधान रेखा कुमारी ने भी बच्चों को पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता बचाने का संदेश दिया. जैव विविधता दिवस के अवसर पर बीडीओ के सौजन्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह-पूर्वक भाग लिया. प्रतियोगिता में उच्च माध्यमिक विद्यालय तेतराही के दशम वर्ग के छात्र शिवम कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं इसी विद्यालय के नवम वर्ग की छात्रा इकरा प्रवीण द्वितीय तथा आदर्श मध्य विद्यालय प्रखंड कॉलोनी खोदावन्दपुर के अष्टम् वर्ग की छात्रा मीनू कुमारी तृतीय स्थान पर रही. इस मौके पर प्रभारी बीईओ व प्रधानाचार्य ने संयुक्त रूप से प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र, कलम, डायरी व अन्य सामाग्री भेंटकर उन्हें पुरस्कृत किया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में इको एंड यूथ क्लब तेतराही के नोडल शिक्षक आलोक वर्द्धन व सुशांत शेखर, शिक्षक नाथो शर्मा, धर्मेंद्र कुमार, प्रशांत नमन, रंजीत कुमार ठाकुर, किशोर कुमार प्रसाद, अवनीश कुमार, कुमारी इंदु, कुमारी राखी एवं आरती कुमारी की भूमिका सराहनीय रही.