खोदावंदपुर,बेगूसराय। आगामी जून महीने में औसत से कम वर्षा होने का अनुमान जताया गया है, जबकि जुलाई में जून की तुलना में अधिक बारिश होने की संभावना है. इसको लेकर कृषि विज्ञान केंद्र, खोदावंदपुर के प्रधान सह वरीय वैज्ञानिक डॉ रामपाल ने किसानों को पहले से तैयारी करने की सलाह दी है. डॉ रामपाल ने कहा कि वर्षा की संभावित कमी को देखते हुए किसानों को फसलों की बुवाई की योजना सोच-समझकर बनानी चाहिए. उन्होंने कम पानी में होने वाली फसलों या उन्नत किस्मों का चयन करने पर जोर दिया. साथ ही खेतों में नमी संरक्षण के उपाय अपनाने की भी सलाह दी, ताकि सीमित वर्षा के बावजूद फसल को पर्याप्त नमी मिल सके. उन्होंने किसानों को उपलब्ध जल संसाधनों का समुचित और संतुलित उपयोग करने की अपील की, ताकि सूखे जैसी स्थिति में भी खेती पर ज्यादा असर न पड़े. कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते सही रणनीति अपनाकर किसान संभावित कम वर्षा के प्रभाव को काफी हद तक कम कर सकते हैं.