मध्य विद्यालय भोजा का नाम अब ‘मध्य विद्यालय चलकी’

खोदावंदपुर,बेगूसराय। प्रशासनिक निर्णय के तहत मध्य विद्यालय भोजा का नाम बदलकर अब ‘मध्य विद्यालय चलकी’ कर दिया गया है, साथ ही विद्यालय का प्रशासनिक नियंत्रण भी बदल दिया गया है. अब यह स्कूल प्रखंड संसाधन केंद्र छौड़ाही के बजाय प्रखंड संसाधन केंद्र खोदावंदपुर के अधीन संचालित होगा. इस संबंध में जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से पत्र जारी किया गया है. पत्र में स्पष्ट किया गया है कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी छौड़ाही के पत्रांक- 167, दिनांक- 29 अप्रैल 2026 के प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. प्रतिवेदन में बताया गया कि मध्य विद्यालय भोजा, जो अब तक प्रशासनिक रूप से छौड़ाही प्रखंड के अंतर्गत था, वास्तव में खोदावंदपुर प्रखंड के दौलतपुर पंचायत स्थित चलकी गांव की भूमि पर अवस्थित है. इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय का नाम और प्रशासनिक नियंत्रण दोनों में परिवर्तन किया गया है. गौरतलब है कि इस संबंध में प्रस्ताव ग्राम पंचायत राज दौलतपुर की ग्राम सभा द्वारा करीब डेढ़ दशक पहले ही पारित किया गया था. इसके अलावे 20 अक्टूबर 2011 को खोदावंदपुर पंचायत समिति की बैठक में भी इस प्रस्ताव को अनुमोदन प्राप्त हो चुका था. अब जिला प्रशासन के आदेश के बाद विद्यालय का नाम ‘मध्य विद्यालय चलकी’ होगा तथा इसका संचालन और प्रशासनिक देखरेख पूरी तरह से खोदावंदपुर प्रखंड के अधीन किया जाएगा.
इस नेक काम के लिए खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के समस्त जनप्रतिनिधियों, सामाजिक व राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने बीईओ, डीईओ व डीएम के प्रति अपना आभार जताया है. तथा इस कार्य से प्रबुद्धजनों में काफी प्रसन्नता देखी जा रही है.