बाबा शिव हनुमान मंदिर में स्थापना सह प्राण-प्रतिष्ठा समारोह

खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के गोगल टोल स्थित बाबा शिव हनुमान मंदिर में स्थापना सह प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया जा रहा है. इसको लेकर गांव में धार्मिक माहौल बना हुआ है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही है. इसकी जानकारी देते हुए आयोजक इंदल कुमार, राजेश कुमार, दामोदर महतो समेत अन्य ने बताया कि 30 अप्रैल 2026 को सुबह लगभग 7 बजे मंदिर परिसर से कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शोभा-यात्रा गाजेबाजे के साथ कार्यक्रम स्थल से गांव का भ्रमण करते हुए पानी टंकी के रास्ते मुख्य पथ एस एच 55 से मिर्जापुर चौक से बूढ़ी गंडक नदी के बांध के रास्ते से रामघाट पहुंचेगी और वहां विद्वान पंडित चन्दन ठाकुर के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में कलश भरवाया जायेगा, उसके बाद पुनः शोभायात्रा गाजेबाजे के साथ पछियारी टोल के रास्ते नन्दीवन, महुआ टोल, नागाधाम के रास्ते से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचकर संपन्न हो जायेगा. इसके बाद 1 मई 2026 को विधिवत मंत्रोच्चार के साथ हनुमान, शिव सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा विद्वान पंडितों द्वारा करायी जाएगी. समारोह के दौरान हनुमान, महादेव, गौरी, गणेश, कार्तिक एवं बसहा की प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी. इस आयोजन को सफल बनाने के लिए गांव के लोग बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं. आयोजक ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर पूजा-अर्चना एवं शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की है.