राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने को लेकर बैठक आयोजित

खोदावंदपुर/बेगूसराय। आगामी 9 मई को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से एडीजे मंझौल संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को एडीजे चेंबर में बैठक आयोजित की गई. बैठक में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, पुलिस अधिकारियों एवं पत्रकारों ने भाग लिया. बैठक को संबोधित करते हुए एडीजे संजय कुमार सिंह ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में पुलिस अधिकारी, अधिवक्ता एवं पक्षकार महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस की भूमिका सबसे अहम होती है, जबकि अधिवक्ताओं के बिना न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ ही नहीं सकती. उन्होंने पक्षकारों को समझाकर अधिक से अधिक सुलहनीय वादों का निष्पादन राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आपसी समझौते से कराने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों के बोझ को कम करना और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना है. साथ ही लोक अदालत के फायदे एवं महत्व को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका भी अहम है. एडीजे ने पुलिस अधिकारियों से समय पर नोटिस भेजने एवं पक्षकारों को सुलह के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया वहीं प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया कर्मियों से लोक अदालत के महत्व का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों का निःशुल्क निष्पादन होता है तथा इसके निर्णय के विरुद्ध कहीं अपील नहीं होती है. बैठक के दौरान न्यायिक अधिकारियों ने पुलिस को सुझाव दिया कि गंभीर मामलों में ही भादवि की धारा 307 लगाई जाये. अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने भी अपने-अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किये. इस मौके पर एसीजेएम अवनींद्र प्रकाश, एसडीजेएम मुकेश कुमार, एसडीपीओ मंझौल नवीन कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार, मंझौल थानाध्यक्ष फैसल अहमद अंसारी, चेरिया बरियारपुर ज्योति कुमार बसु, खोदावंदपुर चंदन कुमार एवं छौड़ाही थानाध्यक्ष चंदन सिंह, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विजय किशोर झा, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह, अधिवक्ता दिलीप चौधरी, परमानंद चौधरी, मनोज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे.