खोदावंदपुर में सात दिवसीय योगासन प्रतिभा खोज कार्यक्रम का शुभारंभ, 300 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

खोदावंदपुर, बेगूसराय। खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता के बीच मंगलवार को राजकीयकृत मध्य विद्यालय मुसहरी में सात दिवसीय योगासन प्रतिभा खोज कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. इस कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 300 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. बेगूसराय जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन जिला सचिव सह राष्ट्रीय योगासन कोच गुड़ाकेश कुमार एवं पूर्व मुखिया रामपदारथ महतो ने संयुक्त रूप से किया. उद्घाटन समारोह में वक्ताओं ने योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगाचार्य गुड़ाकेश कुमार ने कहा कि यह योगासन शिविर बहुउद्देश्यीय है, जिसका उद्देश्य स्कूली बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है. उन्होंने बताया कि योग के माध्यम से बच्चों की स्मरण शक्ति, एकाग्रता एवं मानसिक विकास में वृद्धि होती है. साथ ही मेडिटेशन के जरिए उनका आईक्यू लेवल भी बेहतर होता है. उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को कैंसर, मधुमेह, तनाव एवं अन्य बीमारियों से मुक्त स्वस्थ जीवन जीने की कला सिखाना इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य है. उन्होंने जानकारी दी कि शिविर के समापन के बाद प्रखंड स्तरीय योगासन ट्रायल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन 10 मई से बेगूसराय समाहरणालय स्थित खेल भवन सह व्यायामशाला में होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जायेगा. जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को जुलाई में राज्य स्तरीय तथा सितंबर में मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा. इस अवसर पर पूर्व मुखिया रामपदारथ महतो ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए योग अत्यंत आवश्यक है और इसे दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए. वही अन्य वक्ताओं में उपमुखिया कामेश्वर महतो, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि नवीन कुमार धर्मा, वार्ड सदस्य नीरज कुमार, उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक विपीन कुमार एवं मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक रूपेश कुमार समेत अन्य ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए बच्चों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के सफल संचालन में योग प्रशिक्षक किशोर कुमार, पूनम देवी एवं वैद्य सह योग प्रशिक्षक अमित कुमार दास की महत्वपूर्ण भूमिका रही. शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को सुबह और शाम योगाभ्यास कराया जायेगा, जिसमें राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी एवं आनंद योगाश्रम फुलवड़िया, बरौनी की छात्राएं सुगंधा कुमारी एवं पल्लवी कुमारी प्रशिक्षण देंगी. मौके पर चंदन कुमार मेहता, कुमारी रीना, शैलेंद्र कुमार, सुधा भारती, प्रमिला सिन्हा, रजनीश रमण, रामहृदय महतो, प्रियंका मोदनवाल, राहुल यादव, वसीम अकरम सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थीं.