मंझौल शताब्दी मैदान में स्थानीय सांसद सह केन्द्रीय मंत्री ने खिलाड़ियों से मिलकर किया उत्साहवर्धन

राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। मंझौल के ऐतिहासिक शताब्दी मैदान में शिक्षाविद् स्वर्गीय बोढ़न प्रसाद सिंह स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह कार्यक्रम में शामिल हुए. इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेलों के विकास को लेकर अपने विचार व्यक्त किये. उन्होंने कहा कि मंझौल का शताब्दी मैदान वर्षों से खेल प्रतिभाओं को निखारने का केंद्र रहा है. यहां से कई राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकल चुके हैं और यह मैदान क्षेत्र में खेल संस्कृति को जीवित रखने में अहम भूमिका निभा रहा है. केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार की नीति है कि खिलाड़ी “पदक लाओ और नौकरी पाओ”, ताकि युवाओं को खेल के प्रति अधिक प्रोत्साहन मिल सके. उन्होंने कहा कि बेगूसराय में जल्द ही इनडोर खेल परिसर का उद्घाटन किया जायेगा, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी. साथ ही जिले में वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी और क्रिकेट जैसे खेलों को बढ़ावा देने की बात कही, जिसमें विशेष रूप से वॉलीबॉल को प्रमुखता दी जायेगी. सांसद ने कहा कि कल्याण चौबे से भी बातचीत हुई है, जो अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष तथा भारतीय ओलंपिक संघ के महामंत्री हैं. उन्होंने कहा कि बेगूसराय में वॉलीबॉल, फुटबॉल और कबड्डी जैसे खेलों को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर काम किया जायेगा. इसके लिए जिले के स्कूलों में उपलब्ध खेल मैदानों की मैपिंग कर युवाओं में खेल भावना विकसित की जायेगी. कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शिक्षाविद् स्वर्गीय बोढ़न प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनकी स्मृति में यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है. इसके साथ ही उन्होंने शहीद अमरेश को भी नमन किया. वहीं दूसरी ओर झारखंड के गुमला में शहीद हुए चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर पंचायत निवासी आईटीबीपी जवान मुरारी चौधरी को कैंडल जलाकर एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी. मौके पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा, बिहार वॉलीबॉल संघ के सचिव रामाशीष प्रसाद सिंह, आयोजन समिति के अध्यक्ष अजय राय, तकनीकी समिति के संयोजक निखिल कुमार, वॉलीबॉल आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश राज तथा आयोजन सचिव दीवाकर भारती सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे और प्रतियोगिता के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.