मारपीट में घायल युवक ने तोड़ा दम, तीन साल बाद जिंदगी की जंग हारा रोहित

खोदावंदपुर/बेगूसराय। करीब तीन वर्ष पूर्व हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक ने आखिरकार जिंदगी की जंग हार दी. सोमवार की देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मृतक की पहचान खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर पश्चिमी पंचायत अंतर्गत वार्ड दो निवासी राम प्रकाश शर्मा के 23 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार शर्मा के रूप में की गयी है. युवक की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार विगत 8 मई 2023 को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया था. घटना के बाद उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय, पटना एवं दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां लंबे समय तक उसका इलाज चला. इसके बावजूद उसकी स्थिति में पूरी तरह सुधार नहीं हो सका. हाल के दिनों में उसे फिर से बेगूसराय के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया था, जहां 30 मार्च 2026 की रात उसने अंतिम सांस ली. घटना के संबंध में परिजनों ने अपने पड़ोसी दिनेश शर्मा एवं उसके चार पुत्रों पर मारपीट का आरोप लगाया है. इस मामले में खोदावंदपुर थाना में कांड संख्या- 138/023 दर्ज कराया गया था, जो वर्तमान में न्यायालय में लंबित है. परिजन न्याय की उम्मीद लगाये बैठे हैं. मृतक रोहित कुमार शर्मा पढ़ाई-लिखाई में काफी तेज था और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी पूरी कर चुका था. परिजनों के अनुसार उसे जल्द ही नौकरी मिलने की उम्मीद थी, लेकिन इस घटना ने उसके सपनों को अधूरा छोड़ दिया. रोहित अपने तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था, जिससे वह पूरे परिवार का लाड़ला था. युवक की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है. मां झूना देवी, भाई विवेक कुमार शर्मा एवं राहुल कुमार शर्मा तथा बहन गुड़िया कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं. मृतक के शव को स्थानीय बूढ़ीगंडक नदी के रामघाट स्थित शमशान घाट में गुरुवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि शंभू कुमार, वार्ड सदस्य गोपाल गुप्ता, चंद्रशेखर चौधरी, समाजसेवी राम गुलजार महतो, रामविलास तरुण, परशुराम चौधरी, मनोज मालाकार, मोहम्मद ग्यास सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले में त्वरित न्याय दिलाने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सकें.