खोदावंदपुर,बेगूसराय। पीएम श्री किसान पल्स टू विद्यालय तारा बरियारपुर में शिक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे भवन निर्माण कार्य में गड़बड़ी किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार निर्माण स्थल पर प्राक्कलन बोर्ड लगाये बिना ही भवन निर्माण किया जा रहा है. शिक्षा विभाग द्वारा इस विद्यालय में प्रथम तल पर दो कमरा, दो सीढ़ी एवं एक बरामदा बनाया गया है. इसके अलावे दूसरी मंजिल पर भी दो कमरा, दो सीढ़ी और बरामदा बनाया गया है, जबकि किसी तल पर एक भी शौचालय नहीं बनाया गया है. इस विद्यालय में दोनों तल पर बनाये गये सीढ़ी खुला हुआ है. खुले आसमान के नीचे बनाये गये सीढ़ी के कारण बरसात का पानी बाहर नहीं जा सकता. बरसात का पानी स्कूल के बरामदे पर ही गिरेगा. स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य की जोड़ाई और पलास्टर कार्य में अबतक पानी की तराई नहीं किया गया है, जिससे दीवार के कमजोर हो जाने की पूरी संभावना है. इसके अलावे सीढ़ी का रैम्प भी काफी छोटा बनाया गया है, जिससे शिक्षकों व छात्र छात्राओं को काफी परेशानी होगी. ग्रामीण यह सवाल पूछ रहे हैं कि सीढ़ी घर का प्राक्कलन तैयार किए बिना ही निर्माण कार्य पूरा कैसे कर लिया गया. साथ ही शौचालय का निर्माण भी नहीं किया गया.विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरुण कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग के द्वारा लैब बनाया जा रहा है, जिसमें भौतिकी, रासायन, जीवविज्ञान व एक कम्प्यूटर लैब शामिल है. उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग के कनीय अभियंता अरुण कुमार के निर्देशन में यह निर्माण कार्य करवाया जा रहा है.