अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राजस्व कर्मचारी की एक दिवसीय हड़ताल से कामकाज बाधित

खोदावंदपुर,बेगूसराय। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राजस्व कर्मचारियों ने सोमवार को एक दिवसीय हड़ताल किया, जिससे राजस्व से जुड़ा कार्य ठप रहा.दाखिल खारिज, जमाबंदी, जाति, आवासीय व आय प्रमाण-पत्र आदि कार्यों के निपटारे को लेकर अंचल कार्यालय आने वाले लोगों को निराशा हाथ लगी. राजस्व कर्मचारियों के एक दिवसीय हड़ताल की जानकारी देते हुए बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के राजस्व कर्मचारी सह प्रभारी अंचल निरीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि ग्रेड पे 2800 किये जाने, टी ए, डी ए में बढ़ोतरी किए जाने एवं रविवार को छुट्टी के दिन कर्मचारियों से काम नहीं लिए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर राजस्व कर्मचारियों ने सोमवार को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल किया. उन्होंने बताया कि यदि उनलोगों की मांगे नहीं मानी गयी तो सभी राजस्व कर्मचारी आगामी 11 फरवरी से अनिश्चित कालीन हड़ताल कर कामकाज ठप करेंगे.