खोदावंदपुर/बेगूसराय। बसंत पंचमी व सरस्वती पूजा के अवसर पर खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के सागीडीह शिव मंदिर परिसर में पांच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम युग दृष्टा तपोनिष्ट आचार्य पंडित श्रीराम शर्मा की आध्यात्मिक जन्म शताब्दी के मौके पर किया गया. अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रखंड इकाई खोदावन्दपुर के संयोजक डॉ देवेंद्र कुमार विमल के नेतृत्व में आयोजित इस गायत्री महायज्ञ में हवन यज्ञ व संध्या आरती हुआ, जिसमें सैकड़ों लोगों ने अपनी भागीदारी निभाई. इस मौके पर डॉ बिमल ने समय का सदुपयोग कर उसे अपने जीवन में उत्कृष्ट कार्यों में लगाने की अपील की. इसके साथ-साथ भारतीय सभ्यता व संस्कृति को बचाने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया. इस कार्यक्रम में गायत्री परिवार से जुड़े जवाहर महतो, नंदलाल ठाकुर, दिनेश कुमार, सरिता कुमारी समेत अनेक लोगों ने बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई. कार्यक्रम के दौरान प्रसाद वितरण के साथ-साथ गायत्री संस्थान द्वारा प्रकाशित विभिन्न जीवनोपयोगी पुस्तकों का भी वितरण किया गया. मौके पर समाजसेवी ललित कुमार निराला, विक्रम कुमार सहित अनेक ग्रामीण मौजूद थे.