चकवा खेल मैदान परिसर में लगाये गये हरे पौधों को काटकर किया क्षतिग्रस्त

खोदावंदपुर,बेगूसराय। फफौत पंचायत के चकवा गांव स्थित वार्ड 13 में खेल मैदान परिसर में मनरेगा योजना से लगाये गये 60 हरे पौधों को किसी शरारती तत्वों ने बीती रात्रि धारदार हथियार से काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया. पौधा की देखरेख करने वाली स्थानीय महिला के द्वारा इस घटना की सूचना दिए जाने पर यह मामला सामने आया है. फफौत पंचायत के पंचायत समिति सदस्या मालती देवी के प्रतिनिधि वरुण कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में मनरेगा योजना से यह पौधा लगाया गया था, जिसकी देखरेख के लिए चकवा गांव की दो महिलाओं को लगाया गया था. उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात शरारती तत्वों ने 60 हरे पौधों को जान बूझकर काट दिया है.उन्होंने बताया कि ये पौधे करीब छह महीना पहले लगाये गये थे. चकवा खेल मैदान में हरे पौधों को असामाजिक तत्वों द्वारा शनिवार की बीती रात काट दिये जाने की सूचना पर दर्जनों ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दिया.