खोदावंदपुर,बेगूसराय। बसंत ऋतु के आगमन के उपलक्ष्य में बुधवार को बसंत पंचमी पारंपरिक तरीके से उल्लास के साथ मनायी गयी. इस मौके पर विद्या की अधिष्ठात्री मां सरस्वती की विशेष पूजा अर्चना की गयी.
बरियारपुर पश्चिमी गांव में कलशयात्रा में शामिल श्रद्धालु
प्रखंड क्षेत्र के सागी, दौलतपुर, बाड़ा, बरियारपुर पूर्वी, बरियारपुर पश्चिमी, फफौत, खोदावन्दपुर एवं मेघौल पंचायतों के विभिन्न टोले मुहल्ले में लोगों ने माता सरस्वती की प्रतिमा का स्थापन कर वैदिक विधि विधान के साथ पूजा किया. पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया जा रहा है. पूजा पंडालों में भक्ति के कैसेट बजाये जा रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है. सरस्वती पूजा को लेकर कई जगहों पर कलश शोभायात्रा भी निकाली गयी, जिसमें लोगों ने बूढ़ी गंडक नदी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरा. क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं निजी स्कूलों में भी उत्साह के साथ सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र छात्राओं ने बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी निभायी.बसंत पंचमी एवं सरस्वती पूजा को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच काफी उत्साह देखा जा रहा है. वहीं सरस्वती पूजा को लेकर क्षेत्र में पुलिस गश्ती भी चौकस दिखीं.