खोदावंदपुर/बेगूसराय। कृषि विज्ञान केंद्र खोदावंदपुर, बेगूसराय में गुरुवार को डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा, समस्तीपुर के कुल 90 नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का शिक्षा आरंभ कार्यक्रम का समापन किया गया. कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने कृषि विज्ञान केंद्र बेगूसराय की विभिन्न वैज्ञानिक इकाइयों, प्रदर्शन, खेतों, प्रशिक्षण, परीक्षण, प्रयोगशाला, पौध संरक्षण इकाई, मिट्टी जांच केंद्र, प्रयोगशाला तथा अन्य सुविधाओं का परिक्षेत्र भ्रमण किया और आधुनिक कृषि तकनीक से परिचित हुए. कार्यक्रम में केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ राम पाल ने नव आगत छात्रों को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, आधुनिक तकनीक, स्टार्टअप, कृषि उद्यमिता तथा भावी चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वह कृषि को केवल परंपरागत खेती के रूप में ना देखें, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और तकनीकी के साथ जोड़कर देश की खाद्य सुरक्षा और किसनों की समृद्धि में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें. डॉ राम पाल ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र खोदावंदपुर किसानों एवं विद्यार्थियों के कौशल विकास, नवीनतम कृषि तकनीक के प्रसार तथा क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयासरत है. कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं के साथ-साथ केंद्र के वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र समस्तीपुर के विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ धीरू तिवारी एवं केविके खोदावंदपुर के अन्य कर्मचारीगण मौजूद थे.